जैन समाज का संदेश अहिंसा और मानव कल्याणः नरेन्द्र सिंह तोमर
भोपाल, 06 अक्टूबर । परम पूज्य आचार्यश्री 1008 समयसागर महाराज के संघ सानिध्य में मंगलवार को मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में सामूहिक क्षमावाणी महोत्सव सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि जैन धर्म जहां एक ओर अहिंसा पर बल देता है, वहीं दूसरी ओर मानव कल्याण पर जोर देता है। हर जीव का संरक्षण हो, हर जीव के प्रति दया हो, यह भाव मानव मात्र में पल्लवित और पुष्पित हो, यह संदेश जैन समाज द्वारा हमेशा दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि आचार्यश्री के आशीर्वाद से हमारे मन में सकारात्मकता, देशभक्ति, संस्कार के भाव विकिसत हो और सभी देश को आगे बढ़ाने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर सकेंगे यही कामना है।
सामूहिक क्षमावाणी महोत्सव में परम पूज्य आचार्यश्री 1008 समयसागर महाराज, पूज्य संतगण, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश के मंत्री चैतन्य कश्यप एवं विधायक जयंत मलैया, प्रदेश भाजपा के महामंत्री राहुल कोठारी, विधायकगण, जैन समाज के प्रतिनिधिगण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे। आरंभ में विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने परम पूज्य आचार्यश्री की अगवानी कर उन्हें अपने कक्ष में ले जाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
सामूहिक क्षमावाणी महोत्सव में तोमर ने कहा कि भिंड-मुरैना को लोग डकैतों के नाम से जानते हैं लेकिन यह जानकारी अपूर्ण है या फिर उन्होंने ठीक ढंग से उस अंचल को देखा नहीं है। भिंड में बरासो जी महातीर्थ सबसे प्रमुख और प्राचीन जैन तीर्थ स्थलों में से एक है। मुरैना जिले के सिहोनिया गाँव में एक अत्यंत प्राचीन और प्रसिद्ध अतिशय क्षेत्र है। दतिया का तीर्थ क्षेत्र सोनागिरि जैन धर्म के सबसे पवित्र और सुंदर सिद्ध क्षेत्रों में से एक है। ग्वालियर में दिगंबर और श्वेतांबर जैनियों का जमावड़ा लगा रहता है। ग्वालियर का किला सबसे बड़े किलों में से एक है। कहा जाता है कि इस किले का निर्माण राजा मानसिंह तोमर ने करवाया था लेकिन वहां जैन प्रतिमाओं को देख कर लगता है कि किले के निर्माता राजाओं पर पर भी जैन धर्म की बड़ी छाप थी। इस कारण अंचल के जैन समाज के बीच मेरा निरंतर जाना रहता है और मैं कोशिश करता हूं आचार्य श्री का आशीर्वाद जरूर मिले।
तोमर ने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर विधानसभा परिसर में पहले परम पूज्य विद्यासागर जी महाराज का आगमन हुआ है। उनके चरणों ने भी इस परिसर को पवित्र किया है और आज परम पूज्य समय सागर जी महाराज का आशीर्वाद मिल रहा है। इस सामूहिक क्षमावाणी महोत्सव में उपस्थित होना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य और आध्यात्मिक आनंद का विषय है।










