-------------------

डीएम,एसपी ने पंचालघाट पहुंचकर गणेश विसर्जन का लिया जायजा

फर्रुखाबाद ,25 सितंबर । जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शुक्रवार को पांचाल घाट पहुंचकर गंगा किनारे बनाए गए विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाएं देखीं और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। घाट पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश, बैरिकेडिंग और पेयजल समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। प्रतिमाओं का विसर्जन प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थान पर ही कराया जाए।

डीएम ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को गंगा के गहरे पानी की ओर न जाने दिया जाए। घाट पर पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखी जाए। भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।

एसपी आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विसर्जन स्थल पर यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के साथ घाट पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता से ड्यूटी करने को कहा।

डीएम और एसपी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थल का ही उपयोग करें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। साथ ही गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने में सहयोग करें।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर संजय कुमार, एसडीएम न्यायिक दिनेश पाण्डेय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, नायब तहसीलदार हरदीपक समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।