jh-blood-donation-camp-youth-congress

युवा कांग्रेस ने शुरू किया एक सप्ताह का रक्तदान महाअभियान

खूंटी, 13 अगस्त । अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवा कांग्रेस, खूंटी जिला इकाई ने जनसेवा की पहल करते हुए सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में गुरुवार को एक सप्ताह के रक्तदान महाअभियान की शुरुआत की। अभियान के पहले दिन युवाओं और स्थानीय लोगों के उत्साह से 20 यूनिट रक्त संग्रह कर ब्लड बैंक को सौंपा गया।

रक्त की कमी के कारण मरीजों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए जिला उपाध्यक्ष सुमित पाठक और शारोन सुरिन के संयुक्त नेतृत्व में अभियान शुरू किया गया। खूंटी प्रखंड अध्यक्ष यश राजनाथ शाहदेव ने भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

रक्तदान शिविर में सिविल सर्जन डॉ ललित रंजन पाठक, सदर अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ आनंद उरांव और काउंसलर निशांत झा उपस्थित थेे। अधिकारियों ने युवा कांग्रेस के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों, गर्भवती महिलाओं और आपात स्थिति में भर्ती मरीजों को काफी राहत मिलेगी।

युवा कांग्रेस ने अभियान के दौरान 100 यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा है। सुमित पाठक ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। वहीं शारोन सुरिन ने युवाओं और आम नागरिकों से रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

अभियान आगामी सात दिनों तक सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में जारी रहेगा। युवा कांग्रेस ने जिलेवासियों से इस मानवीय पहल में सहभागी बनने का आग्रह किया है।