इंदौर: गुरु पूर्णिमा पर जयगुरुदेव आश्रम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
इंदौर, 29 जुलाई । गुरु पूर्णिमा के अवसर पर तेजाजी नगर बायपास स्थित ग्राम मिर्जापुर के जयगुरुदेव आश्रम में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और सेवा का वातावरण देखने को मिला। मालवा-निमाड़ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे, जिससे पूरा परिसर ‘जयगुरुदेव’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
जयगुरुदेव संगत इंदौर के अध्यक्ष चतुर सिंह राजावत ने बताया कि प्रातः 8 बजे विशेष गुरु पूजन, आरती और अर्चना के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। इसके बाद सत्संग, सुमिरन तथा पूज्य गुरु महाराज के संदेशों का वाचन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को शाकाहार अपनाने, नशामुक्त जीवन जीने, समाज सेवा करने और नैतिक मूल्यों के पालन का संकल्प भी दिलाया गया।
आश्रम परिसर में दोपहर से विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार शाम पांच बजे तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालु महाप्रसादी ग्रहण कर चुके थे। देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने और प्रसादी वितरण का क्रम लगातार जारी रहा।
आयोजन को लेकर आश्रम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रात्रि में विद्युत सज्जा से पूरा परिसर जगमगा उठा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर की विशेष सजावट, विशाल पंडाल, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई।
जयगुरुदेव संगत इंदौर के अध्यक्ष चतुर सिंह राजावत तथा पदाधिकारियों मोहन सलावरिया और छोटेलाल जायसवाल ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 250 से अधिक सेवादार तैनात रहे। तेजाजी नगर बायपास से आश्रम तक यातायात और पार्किंग की अलग व्यवस्था किए जाने से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।









