फेल से कंपार्टमेंट हुए छात्रों को बोर्ड परीक्षा पास करने के लिए एक ‘वन-टाइम स्पेशल चांस’
धर्मशाला, 29 जुलाई । हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने उन सैकड़ों विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है, जो मार्च-2026 की बोर्ड परीक्षाओं में फेल हो गए थे। ऐसे विद्यार्थी जिनका परिणाम पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के बाद ‘फेल’ से ‘कंपार्टमेंट’ या ‘एसेंशियल इम्प्रूवमेंट’ की श्रेणी में बदला है, उन्हें बोर्ड परीक्षा पास करने के लिए एक ‘वन-टाइम स्पेशल चांस’ (एकमुश्त विशेष अवसर) देने जा रहा है। बोर्ड का यह संवेदनशील निर्णय उन छात्रों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है, जो जुलाई में हुई अनुपूरक परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह गए थे।
शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस अहम फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि मार्च 2026 में आयोजित 10वीं (मैट्रिक) और 12वीं (जमा दो) की नियमित परीक्षाओं के बाद कई छात्रों ने अपने अंकों से असंतुष्ट होकर पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के लिए आवेदन किया था। जब इन आवेदनों का संशोधित परिणाम घोषित हुआ, तो 10वीं के 222 और जमा दो के 155 परीक्षार्थियों का परिणाम सुधरकर ‘अनुत्तीर्ण’ से ‘एसेंशियल इम्प्रूवमेंट/कंपार्टमेंट’ में तब्दील हो गया।
इन 377 विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ी दुविधा यह खड़ी हो गई थी कि जब तक उनका यह संशोधित परिणाम आया, तब तक जुलाई 2026 में आयोजित होने वाली अनुपूरक (सप्लीमेंट्री) या द्वितीय परीक्षा संपन्न हो चुकी थी। परिणाम देरी से आने के कारण ये छात्र उस परीक्षा में बैठने से पूरी तरह चूक गए थे। ऐसे में इन विद्यार्थियों का एक पूरा शैक्षणिक वर्ष दांव पर लगा था। विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने और उनके शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए, शिक्षा बोर्ड ने इन सभी पात्र परीक्षार्थियों को यह विशेष मौका देने का न्यायसंगत निर्णय लिया है।









