मंत्री ने बाबा नगरी में बाबा बैद्यनाथ का किया दर्शन-पूजन
झारखंड के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पत्नी के साथ शनिवार को विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
मंदिर के तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक रीति से संकल्प कराया, जिसके बाद मंत्री दंपति ने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ के कामना लिंग का जलाभिषेक किया। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी, मंदिर प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी और झामुमो के कई कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए बाबा बैद्यनाथ एवं बासुकीनाथ श्राइन बोर्ड की बैठक में शामिल होने देवघर आने वाले थे। हालांकि, अपरिहार्य कारणों से उनका दौरा स्थगित हो गया। उनके स्थान पर पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु देवघर पहुंचे।
दौरे के दौरान मंत्री ने श्रावणी मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से कांवरियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।









