valiant-warrior-manik-barda-honored-netaji-subhas-

नेताजी सुभाष विवि में कारगिल के रणबांकुरे माणिक बारदा का सम्मान

पूर्वी सिंहभूम, 25 जुलाई । कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और कला संकाय के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर योद्धा माणिक बारदा को सम्मानित किया गया तथा कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कारगिल युद्ध के वीर योद्धा माणिक बारदा का विश्वविद्यालय परिवार की ओर से शॉल और पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह की शुरुआत कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने का आह्वान किया।

कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का संघर्ष और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उनके जीवन से नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सीख लेनी चाहिए।

मुख्य अतिथि माणिक बारदा ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सीमा पर तैनात सैनिकों का सबसे बड़ा मनोबल देशवासियों का विश्वास, समर्थन और सम्मान होता है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और हर परिस्थिति में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील की।

कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास और वीर सैनिकों के बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में लगभग 50 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके अलावा आशु भाषण, पोस्टर मेकिंग और पुस्तिका निर्माण प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।