लखपति दीदी योजना से महिलाएं बन रही आत्मनिर्भर : विधायक शाह
घनसाली, 23 जुलाई । भाजपा महिला मोर्चा की ओर से घनसाली में आयोजित लखपति दीदी सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि सरकार की इस योजना से दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाएं भी आर्थिक रूप से मजबूत होकर आत्मनिर्भर बन रही हैं।
गुरुवार को आयोजित सम्मेलन का शुभारंभ भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष इंदू डंगवाल की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि विधायक शक्ति लाल शाह ने किया। इस दौरान विधायक शाह ने कहा कि प्रदेश में दो लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला सहकारी बैंकों के माध्यम से महिला समूहों को बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। कृषि, बागवानी, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य पालन सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
विधायक शाह ने कहा कि मातृशक्ति के समर्थन से भाजपा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी। सम्मेलन में नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, घनसाली प्रभारी जयेंद्र सेमवाल, बसुमति घणाता, राजकुमार कठैत, अनिल चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









