seva-setu-emerges-as-a-relief-

सेवा सेतु बना आमजन के लिए राहत का केंद्र, आय प्रमाण पत्र समय पर मिलने से रोशन कुमार टंडन ने जताया संतोष

कोरबा, 17 जुलाई (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई सेवा सेतु पहल आम नागरिकों को सरल, सुगम और समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। इस व्यवस्था के जरिए लोगों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और एक ही स्थान पर कई सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त हो रहा है।

कोरबा जिले के ग्राम कुदुरमाल निवासी रोशन कुमार टंडन इसका ताजा उदाहरण हैं। उन्हें विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सेवा सेतु केंद्र में आवेदन प्रस्तुत किया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन का त्वरित परीक्षण किया गया और समयबद्ध तरीके से उनका आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।

रोशन कुमार टंडन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया बेहद सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित रही। उन्हें किसी अतिरिक्त कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़े और कम समय में ही आवश्यक दस्तावेज प्राप्त हो गया। उन्होंने कहा कि पहले एक प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अलग-अलग विभागों में कई बार जाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन सेवा सेतु के माध्यम से अब एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की शासकीय सेवाएं उपलब्ध होने से नागरिकों को काफी सुविधा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि आवेदन से लेकर प्रमाण पत्र मिलने तक की पूरी प्रक्रिया समयबद्ध रही और कहीं भी अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। इससे आम लोगों का सरकारी व्यवस्था पर विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

रोशन कुमार टंडन ने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु जैसी व्यवस्था शासन और आम नागरिकों के बीच की दूरी कम करने के साथ-साथ लोगों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

राज्य सरकार का उद्देश्य सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को सरकारी कामकाज के लिए अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े और उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकें। यही कारण है कि सेवा सेतु अब आमजन के लिए सुविधाजनक और भरोसेमंद व्यवस्था के रूप में उभर रहा है।