population-awareness-campaign

विश्व जनसंख्या दिवस पर 11 से 18 जुलाई तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान

बीकानेर, 09 जुलाई । विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में जिले में 11 से 18 जुलाई तक विशेष जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इस वर्ष अभियान की थीम “जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” रखी गई है। अभियान के तहत योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन, बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार जिलेभर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के साथ स्वस्थ परिवार और बेहतर मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुनिश्चित करना है।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) डॉ. योगेंद्र तनेजा ने बताया कि आशा सहयोगिनियों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर योग्य दंपत्तियों का सर्वे किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सास-बहू सम्मेलनों का आयोजन कर गर्भधारण के बीच सुरक्षित अंतराल और आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही विशेष स्वास्थ्य शिविरों में योग्य दंपत्तियों को व्यक्तिगत परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में किशोर गर्भधारण सहित प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। वहीं विद्यालय नहीं जाने वाले किशोर-किशोरियों को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आधुनिक गर्भनिरोधक साधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेंगे तथा आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर गर्भनिरोधक किट का वितरण भी किया जाएगा।

अभियान के दौरान विवाह की वैधानिक आयु का पालन, विवाह के बाद पहले बच्चे के जन्म में कम से कम दो वर्ष का अंतर रखने, पहले और दूसरे बच्चे के बीच कम से कम तीन वर्ष का सुरक्षित अंतर बनाए रखने, प्रसवोत्तर एवं गर्भ समापन के बाद परिवार कल्याण सेवाओं का लाभ लेने तथा परिवार नियोजन में पुरुषों की सक्रिय भागीदारी जैसे विषयों पर विशेष जनजागरण किया जाएगा।