एंटी चिट्टा फुटबॉल टूर्नामेंट खिलाड़ियों को चिट्टा मुक्त मंडी की दिलाई गई शपथ
मंडी, 09 जुलाई । मंडी जिला प्रशासन द्वारा नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित एंटी चिट्टा अवेयरनेस फुटबॉल टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टा जैसी घातक प्रवृत्ति के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जोश, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को अपने समाज, परिवार, दोस्तों और स्वयं को नशा मुक्त रखने, अपने घर के आस-पास के विद्यालयों, महाविद्यालयों, अन्य स्थानों व समस्त सार्वजनिक व निजी स्थलों पर नशे के दुष्प्रभाव बारे लोगों को जागरूक करने तथा प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने तथा चिट्टा मुक्त मंडी की साथ भी दिलाई गई। एसटीसी पड्डल और एसपी- 7 टीम के बीच मुकाबला खेला गया।
इस अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन एसटीसी पड्डल मंडी की टीम की ओर से मैदान में उतरे। उनके मैदान में उतरने से खिलाड़ियों, युवाओं और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क का संदेश भी दिया। उपायुक्त ने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें।
प्रतियोगिता के तहत खेले गए मुकाबलों में वेंगा बॉयज और बॉयज स्कूल मंडी के बीच राउंड-1 के तीसरे मुकाबले में बैंगा बॉयज 2-0 से विजेता रही। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में केवी मंडी का सामना नेपाली एफसी से हुआ जिसमें नेपाली एफसी 4-0 से विजेता रही । ट्रायम्फ एफसी का मैजिशियंस एफसी से हुआ जिसमें पेनल्टी शूट आउट से मैजिशियंस एफसी 2-0 से विजेता रही । सुंदरनगर का वेंगा बॉयज से मुकाबला हुआ, जिसमें सुंदरनगर 2-0 से विजेता रहा।









