-----------------

मोरक्को में आतंकी संगठन आईएस से जुड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़, 10 संदिग्ध गिरफ्तार

रबात, 06 जुलाई । उत्तरी अफ़्रीकी देश मोरक्को की सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार को एक बड़े आतंकवाद विरोधी अभियान में इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। मामले में सुरक्षा एजेंसियाें ने कार्रवाई करते हुए 10 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया। यह मॉड्यूल देश में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रच रहा था।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ और स्थानीय मीडिया के अनुसार मोरक्को के केंद्रीय न्यायिक जांच ब्यूरो (बीसीआईजे) ने बताया कि यह कार्रवाई जनरल डायरेक्टरेट ऑफ टेरिटोरियल सर्विलांस (डीजीएसटी) की खुफिया सूचना के आधार पर की गई। सुरक्षा बलों ने अगादिर, तारौदांत, कासाब्लांका, एल हाजेब, तेतुआन, फकीह बेन सालेह और सफी समेत कई शहरों में एक साथ छापेमारी कर सभी संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में एक ऐसा व्यक्ति भी शामिल है, जिसे पहले आतंकवाद से जुड़े मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है, जबकि एक नाबालिग भी हिरासत में लिया गया है।

तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपियों के ठिकानों से धारदार हथियार, सैन्य वर्दियां, कट्टरपंथी साहित्य, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बनाने से जुड़े दस्तावेज बरामद किए। इसके अलावा वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मिली हैं, जिनमें दाएश के प्रति निष्ठा की शपथ और मोरक्को में आतंकी हमलों की धमकियां दर्ज थीं।

जांच के दौरान मध्य मोरक्को के इंजेगाने शहर स्थित एक गोदाम की तलाशी में एक चार-पहिया एसयूवी बरामद हुई। अधिकारियों के मुताबिक वाहन के ईंधन टैंक में कथित तौर पर ऐसा संशोधन किया गया था, जिससे उसका इस्तेमाल आत्मघाती विस्फोट या संवेदनशील ठिकानों पर वाहन हमला करने के लिए किया जा सके।

गोदाम से ब्यूटेन गैस सिलेंडर, प्रेशर कुकर, कीलों से भरे कंटेनर, बिजली के तार, वेल्डिंग मशीन, इलेक्ट्रिक कटर, छोटे बल्ब तथा ठोस और तरल रासायनिक पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। सभी सामग्रियों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

संदिग्ध वाहन मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और राष्ट्रीय सुरक्षा निदेशालय (डीजीएसएन) की बम निरोधक टीम ने रोबोट एवं आधुनिक उपकरणों की मदद से वाहन की जांच कर संभावित खतरे का आकलन किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मॉड्यूल के सदस्य दाएश के तथाकथित ‘खलीफा’ के प्रति निष्ठा की शपथ ले चुके थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि उन्हें साहेल और सहारा क्षेत्र में सक्रिय संगठन के नेताओं से निर्देश मिल रहे थे कि वे फिलहाल मोरक्को में आतंकी गतिविधियों को अंजाम दें और बाद में संगठन के विदेशी ठिकानों से जुड़ें।

अधिकारियों के अनुसार, मॉड्यूल के सरगना ने सदस्यों के बीच अलग-अलग जिम्मेदारियां तय कर रखी थीं। कुछ को संभावित हमलों के लक्ष्य चुनने, कुछ को रेकी और निगरानी करने तथा अन्य को हथियार और विस्फोटक सामग्री जुटाने का काम सौंपा गया था।

अभियोजन पक्ष के निर्देश पर सभी वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को निगरानी में रखा गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और मॉड्यूल के राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के साथ-साथ दाएश की अफ्रीकी शाखा से उसके संबंधों की भी गहन जांच की जा रही है।