राजगढ़ः शाजापुर स्टेशन पर जहर खाने वाली महिला की मौत, किशोरी की हालत गंभीर
राजगढ़, 23 जून। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित संकटमोचन बड़ली इलाके की रहने वाली 26 वर्षीय महिला और पड़ोस में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी के जहर खाने के मामले में मंगलवार को दर्दनाक मोड़ आ गया।
दोनों तीन दिन पहले घर से बिना बताए लापता हो गई थीं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। इसी बीच शाजापुर रेलवे पुलिस से सूचना मिली कि दोनों बेसुध हालत में मिली हैं। परिजन उन्हें लेकर राजगढ़ आ रहे थे, लेकिन रास्ते में हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिला की मौत हो गई। किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सीमा तंवर (26) निवासी ग्राम हीरापुरा, हाल संकटमोचन बड़ली, राजगढ़ के रूप में हुई है। वहीं 15 वर्षीय किशोरी को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों ने शाजापुर रेलवे स्टेशन पर अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि दोनों ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। कोतवाली पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।









