mdcc-celebrat-vbs-birth-day-in

मंडी जिला कांग्रेस ने मनाया पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का जन्मदिन,जोनल अस्पताल में बांटे फल

मंडी, 23 जून । मंडी जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री व आधुनिक हिमाचल निर्माता राजा वीरभद्र सिंह का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय गांधी भवन में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात एक बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंपा ठाकुर ने की। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व मंडी जिला के प्रभारी पूर्व विधायक बंबर ठाकुर विशेष रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बंबर ठाकुर ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह ईमानदारी, सादगी और समर्पण की मिसाल रहे हैं। वे हिमाचल के विकास व प्रकृति के प्रेरणा स्रोत रहे,उनकी विरासत और विचार हमेशा हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। वहीं पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह जी छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और पूरे प्रदेश में समग्र विकास किया। उनके कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य ,बागवानी व अन्य क्षेत्रों में चौमुखी विकास हुआ।

उन्होंने प्रदेश के हर क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया। प्रदेश के बहुआयामी प्रतिष्ठान व संस्थान राजा वीरभद्र की देन है। उन्होंने प्रदेश को आधुनिक बनाने की नींव रखने के साथ-साथ सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को नई उड़ान दी। उनको छह दशकों से राजनैतिक जीवन में प्रदेश की जनता का भरपूर स्नेह मिला और वे लोगों के दिलों में राज करते रहे।

इसके पश्चात राजा वीरभद्र सिंह के जन्म दिवस पर बंबर ठाकुर, चंपा ठाकुर व पार्टी पदाधिकारीयों ने क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में जाकर मरीजों को फ़ल फ्रूट वितरित किए।