up-bjp-workers-meeting-

भाजपा की बैठक में शामिल हुए प्रभारी मंत्री, कार्यकर्ताओं से सक्रिय रहने का किया आग्रह

प्रतापगढ़, 14 जून । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में रविवार को जिला कार्यसमिति की बैठक जिला अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयाेजित की गयी। इस बैठक में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और काशी क्षेत्र प्रभारी व राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी कार्यकर्ता, जिला एवं मंडल पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करें। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही शिक्षक एमएलसी तथा स्नातक एमएलसी के चुनाव होने हैं, इसलिए जनसंपर्क अभियान अभी से मजबूत तरीके से चलाया जाए ताकि पार्टी जिले में विजय सुनिश्चित कर सके।

काशी क्षेत्र प्रभारी व राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने नए पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संपर्क अभियान की बारीकियों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि जनपद प्रतापगढ़ प्रति व्यक्ति आय के मामले में उत्तर प्रदेश में पिछड़ा हुआ है और उस स्थिति को सुधारने की जिम्मेदारी उन्होंने उठाई है। मौर्य ने स्पष्ट किया कि प्रतापगढ़ जब तक अग्रणी पंक्ति में नहीं आ जाता, वे अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेंगे।

जिला प्रभारी कौशलेंद्र पटेल ने निर्देश दिए कि आगामी सभी शक्ति केंद्रों पर निश्चित तिथि पर बैठकों का आयोजन किया जाए और प्रत्येक मंडल प्रभारी अपने-अपने मंडलों में बैठक कर मजबूती से कार्ययोजना बनवाएं। जिला अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने चेतावनी दी कि बिना खुद बैठकों में शामिल हुए गलत रिपोर्टिंग करने से संगठन कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रभारी स्वयं बैठकों में उपस्थित होकर सटीक विवरण भेजें। बैठक में प्रमुख रूप से अजय वर्मा (जिला महामंत्री), विशाल विक्रम सिंह (नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि), रुचि केसरवानी, पूर्व जिला अध्यक्ष के.के. सिंह, बृजेश पांडे, अशोक मिश्रा, अशोक सिंह, अशोक सरोज, राघवेन्द्र शुक्ल, देवेश त्रिपाठी, आशीष तिवारी सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं जिला कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित रहे।

————–