jh-drone-police-training-modern

ड्रोन से लैस हुई धनबाद पुलिस, हाईटेक निगरानी की शुरुआत

धनबाद, 04 मई । कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में धनबाद पुलिस ने आधुनिक तकनीक की ओर बड़ा कदम बढ़ाया है। इसी कड़ी में सोमवार को पुलिस केंद्र में तीन दिवसीय ड्रोन प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि बदलते समय के साथ पुलिसिंग के तौर-तरीकों में तकनीकी बदलाव बेहद जरूरी है। ड्रोन तकनीक पुलिस को आसमान से निगरानी की क्षमता प्रदान करती है, जिससे भीड़-भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील क्षेत्रों और दुर्गम स्थानों पर नजर रखना आसान होगा। उन्होंने बताया कि ड्रोन के माध्यम से गुप्त रूप से सूचनाएं एकत्र करने और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि ड्रोन के उपयोग से समय की बचत के साथ जोखिम भरे अभियानों में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी। भविष्य में आवश्यकता अनुसार अत्याधुनिक ड्रोन उपलब्ध कराने की भी योजना है।

प्रशिक्षण शिविर में पुलिस पदाधिकारी और जवानों को ड्रोन संचालन की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है। विशेषज्ञों की ओर से संचालित इस प्रशिक्षण में ड्रोन ऑपरेशन, सुरक्षा मानक और विभिन्न परिस्थितियों में इसके उपयोग की जानकारी दी जा रही है। साथ ही प्रतिभागियों को प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी जा रही है, ताकि वे वास्तविक परिस्थितियों में इसका बेहतर उपयोग कर सकें।

प्रशिक्षकों ने बताया कि ड्रोन का उपयोग भीड़ प्रबंधन, सर्च ऑपरेशन, राहत और बचाव कार्यों और गैरकानूनी गतिविधियों पर नजर रखने में काफी प्रभावी साबित होगा। नाइट विजन ड्रोन के जरिए अंधेरे में भी निगरानी संभव होगी, वहीं संदिग्ध ड्रोन की पहचान कर उसे निष्क्रिय करने के उपाय भी सिखाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थेे। प्रशिक्षण कार्यशाला बुधवार तक चलेगा।