jh-jayetha-jatra-sports-competition

ज्येष्ठ जतरा पर पश्चिमी सिंहभूम में खेलकूद और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन

पश्चिमी सिंहभूम, 03 मई । पश्चिमी सिंहभूम जिले में आदिवासी उरांव समाज के महापर्व “ज्येष्ठ जतरा” के अवसर पर रविवार को बानटोला अखाड़ा में पारंपरिक उत्साह के साथ खेलकूद और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। समापन के अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहदेव किस्पोट्टा और विशिष्ट अतिथि लक्ष्मी कच्छप उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान सहदेव किस्पोट्टा ने कहा कि “ज्येष्ठ जतरा” उरांव समाज का एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का पर्व है, जिसे विजय और परंपरा के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।

विभिन्न आयु वर्गों के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दौड़, बोरा रेस, चम्मच रेस, सुई-धागा रेस, चेयर रेस और बॉल पास जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, बुजुर्गों के लिए आयोजित हांडी फोड़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही।

क्विज प्रतियोगिता में कक्षा पांच से मैट्रिक तक के लगभग 30 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा बानटोला पुस्तकालय से जुड़े रामेश्वर बोईपाई और युवराज लकड़ा को सिविल कोर्ट में नियुक्ति होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मोहल्ले के कई गणमान्य लोगों और युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस मौके पर लालू कुजूर, दुर्गा कुजूर, मंगरू टोप्पो, फागू खलखो, राजेन्द्र कच्छप, चमरू लकड़ा, सीताराम मुंडा, खुदिया कुजूर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

————