गलत दिशा से आ रही कार ने बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर
जयपुर, 21 सितंबर । आमेर थाना इलाके में रविवार रात गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक सवार परिवार को टक्कर मारी। इसके बाद चालक ने कार पीछे लेकर बाइक को दोबारा टक्कर मार दी। बच्ची को बचाने के प्रयास में उसके पिता घायल हो गए। हादसे के बाद चालक भागने लगा और रास्ते में एक कार सहित आधा दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मार दी। लोगों ने पीछा किया तो चालक कार को सुनसान जगह छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार रविवार रात कुंडा के पास एक कार गलत दिशा से आ रही कार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिर गए। चालक ने कार रोकने के बजाय उसे पीछे लिया और बाइक को फिर से टक्कर मार दी। बाइक पर सवार बच्ची को बचाने के प्रयास में उसके पिता वेद प्रकाश सैनी घायल हो गए। उनके हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भागने लगा। इसी दौरान कार ने एक अन्य कार को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने कार नहीं रोकी और रास्ते में कई अन्य वाहनों को भी टक्कर मारते हुए आगे बढ़ता रहा। कार का अगला हिस्सा टक्कर के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कार को लगातार टक्कर मारते हुए भागता देख कुछ बाइक सवारों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। लोगों को पीछे आता देखकर चालक ने कार एक सुनसान जगह पर छोड़ दी और पैदल भाग निकला।
सूचना पर आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया। आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि रविवार रात कार ने बाइक को टक्कर मारी थी। इसके बाद चालक ने भागने के दौरान एक अन्य कार को भी टक्कर मारी। पीछा किए जाने पर चालक कार को सुनसान जगह छोड़कर फरार हो गया। पुलिस कार के नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है।









