‘मातृभूमि’ को लेकर सलमान खान का रुख साफ, ओटीटी रिलीज से इनकार
अभिनेता सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। पिछले कुछ दिनों से ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि फिल्म को सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जा सकता है, लेकिन ताजा जानकारी के अनुसार मेकर्स ने स्पष्ट कर दिया है कि यह फिल्म डिजिटल नहीं बल्कि बड़े पर्दे पर ही दर्शकों के सामने लाई जाएगी।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक ‘मातृभूमि’ को भव्य स्तर पर तैयार किया गया है और इसे सिनेमाघरों के अनुभव को ध्यान में रखकर बनाया गया है। सूत्र का कहना है कि सलमान खान और निर्देशक अपूर्वा लखिया दोनों इस फिल्म को थिएटर में रिलीज करने के पक्ष में हैं। फिल्म की रिलीज में भले ही देरी हो रही हो, लेकिन इसे ओटीटी पर लाने की फिलहाल कोई योजना नहीं है।
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म को अभी तक सेंसर बोर्ड के पास प्रमाणन के लिए नहीं भेजा गया है। बताया जा रहा है कि शुरुआत में फिल्म एक सच्ची घटना से प्रेरित थी, लेकिन रक्षा मंत्रालय की आपत्तियों के बाद कहानी में कुछ बदलाव किए गए। मंत्रालय ने फिल्म में चीन और गलवान घाटी से जुड़े सीधे संदर्भों को हटाने की सलाह दी थी, जिसके बाद निर्माताओं को कुछ हिस्सों की दोबारा शूटिंग करनी पड़ी।









