uk-arms-supplier-arrest

हरिद्वार में अवैध हथियारों की तस्करी का खुलासा, एक गिरफ्तार

हरिद्वार, 28 मार्च । उत्तराखंड के ​हरिद्वार जिले के कोतवाली खानपुर पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई के प्रयास को विफल करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में शस्त्र और कारतूस बरामद किए हैं।

चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर नवीन नेगी के अनुसार पुलिस टीम द्वारा उत्तर प्रदेश के बिजनौर बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैरियर लगाकर घेराबंदी की और एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमशेर (40), निवासी ग्राम करणपुर, थाना खानपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। उसके कब्जे से तीन देशी तमंचा .315 बोर, एक देशी तमंचा 12 बोर और 40 जिंदा कारतूस (12 बोर) बरामद किए गए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध हथियार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के पुरकाजी क्षेत्र से लाकर थाना पथरी क्षेत्र में बिक्री के लिए जा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी अवैध हथियारों की सप्लाई में संलिप्त रहा है।

मामले में कोतवाली खानपुर में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी और पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है।