damoh-dp-fire-ghantaghar

दमोह: घंटाघर के पास बिजली डीपी में लगी भीषण आग

दमोह,, 27 मार्च । मध्य प्रदेश के दमोह में शुक्रवार दोपहर शहर के हृदय स्थल घंटाघर के समीप जिला अस्पताल जाने वाले मार्ग पर पुरानी नगर पालिका गेट के सामने बिजली विभाग की डीपी में अचानक भीषण आग गई। तेज लपटों और घने धुएं के कारण आसपास दहशत का माहौल बन गया।

घटना के समय मार्ग से गुजर रहे राहगीर और वाहन चालक अपनी सुरक्षा के लिए भागते नजर आए। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास मौजूद दुकानदारों और नागरिकों में भय का वातावरण बन गया। लोगों ने एहतियातन दूरी बना ली और क्षेत्र में आवागमन कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया।

बताया जा रहा है कि इन दिनों बढ़ती गर्मी के चलते बिजली की मांग में अचानक वृद्धि हुई है, जिससे ट्रांसफार्मर और डीपी पर लोड बढ़ गया है। अत्यधिक भार के कारण तकनीकी खराबी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं एलपीजी सप्लाई में आ रही बाधा के चलते भी बिजली उपकरणों का उपयोग बढ़ने से खपत में इजाफा बताया जा रहा है।

घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य शुरू किया। आवश्यक मरम्मत के बाद कुछ समय पश्चात बिजली सप्लाई पुनः चालू कर दी गई, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिली।

घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि कुछ समय के लिए क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए पुराने ट्रांसफार्मरों और डीपी की नियमित जांच कर क्षमता बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।