नेपाल : समानुपातिक प्रणाली से निर्वाचित सांसदों को निर्वाचन आयोग आज प्रदान करेगा प्रमाण पत्र
काठमांडू, 19 मार्च । नेपाल का निर्वाचन आयोग आज समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत निर्वाचित उम्मीदवारों को प्रमाणपत्र वितरित करेगा।
समानुपातिक प्रणाली के निर्वाचन अधिकारी कृष्ण बहादुर राउत के अनुसार, प्रमाणपत्र सुबह 11:30 बजे आयोग के कार्यालय में प्रदान किए जाएंगे। आयोग पहले ही राजनीतिक दलों द्वारा प्रस्तुत निर्वाचित उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित कर चुका है।
समानुपातिक प्रणाली के तहत निर्वाचित सदस्यों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने साथ मूल नागरिकता प्रमाणपत्र या राष्ट्रीय पहचान पत्र तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर आएं। पांच मार्च को हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव में छह राजनीतिक दलों ने राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल किया। समानुपातिक प्रणाली के तहत राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने 57 सीटें जीतीं, इसके बाद नेपाली कांग्रेस ने 20, सीपीएन यूएमएल ने 16, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी ने 9, श्रम संस्कृति पार्टी ने 4 और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी ने 4 सीटें हासिल कीं।
275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में 165 सदस्य प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली से और 110 सदस्य समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली से चुने जाते हैं। समानुपातिक प्रमाणपत्रों के वितरण के साथ ही चुनाव प्रक्रिया औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगी। निर्वाचन आयोग के तरफ से आज ही प्रतिनिधि सभा चुनाव की रिपोर्ट राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल को सौंपी जाएगी। इसके बाद नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।









