jh-cloudy-skies-feb10-temp-rise-2-3-degrees

झारखंड में 10 फरवरी से छाएंगे आंशिक बादल, तापमान में 2–3 डिग्री बढ़ोतरी की संभावना

रांची, 08 फ़रवरी । राजधानी रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों में 10 फरवरी से आंशिक बादल छाने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। यह जानकारी मौसम विभाग ने रविवार को दी।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्यभर में पछुआ हवाएं (उत्तर-पश्चिम दिशा से) चल रही हैं, जिसके कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वहीं सोमवार से हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर आने वाले दिनों में झारखंड के मौसम पर पड़ सकता है।

रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर मौसम साफ रहा। ठंडी हवाएं मध्यम गति से चलती रहीं, जिससे लोगों को ठंड का एहसास हुआ, हालांकि धूप में हल्की गर्मी भी महसूस की गई। पछुआ हवा के प्रभाव से रांची सहित कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।

रविवार को रांची में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री कम दर्ज हुआ, जबकि डाल्टनगंज में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री कम रहा।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 31.8 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान गुमला में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।