नूंह पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन’ चलाकर पकड़े 17 साइबर क्राइम आरोपी
नूंह, 06 जून । नूंह पुलिस ने साइबर अपराध के विरूद्ध पांच दिवसीय ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान चलाकर साइबर अपराध से जुड़े आठ मामलों में कार्रवाई करते हुए 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल नंबर, सिम कार्ड बरामद किए हैं। नूंह पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि एक जून से जिलेभर में ‘ऑपरेशन क्लीन’ शुरू किया गया था। अभियान के तहत विभिन्न थाना पुलिस और साइबर टीमों ने संयुक्त रूप से साइबर अपराधियों के खिलाफ सघन कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि पांच दिनों के दौरान साइबर अपराध से संबंधित आठ मुकदमे दर्ज किए गए और 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने 22 मोबाइल नंबर और 28 सिम कार्ड जब्त किए, जबकि तकनीकी जांच के आधार पर 995 आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराए गए। साथ ही 117 सिम कार्ड भी बंद कराए गए, जिनका उपयोग संदिग्ध गतिविधियों में किया जा रहा था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार साइबर अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध मोबाइल नंबर, कॉल, मैसेज या ऑनलाइन गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल जांच शुरू करती है। जरूरत पड़ने पर साइबर पोर्टल और तकनीकी संसाधनों की सहायता से संबंधित मोबाइल नंबर, सिम कार्ड और आईएमईआई नंबरों को ब्लॉक करने की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या लालच देने वाले संदेश से सावधान रहें तथा साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को सूचना दें।
नूंह पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी, ताकि जिले को साइबर अपराध मुक्त बनाया जा सके।









