launch-of-mission-green-2026

डीएसबी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग में मिशन ग्रीन-2026 का शुभारंभ

नैनीताल, 06 जून । डीएसबी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग में मिशन ग्रीन-2026 कार्यक्रम का शुभारंभ पौधरोपण के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में कार्यरत डॉ. गीता पालीवाल ने पौधा रोपित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पौधरोपण और उनकी सुरक्षा मानव जीवन के लिए सबसे महत्वपूर्ण कार्यों में से एक है, क्योंकि वृक्ष ही हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि विभाग पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस के उपरांत मिशन ग्रीन कार्यक्रम आयोजित करता है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान अखरोट के एक बड़े पौधे को गमले से निकालकर भूमि में रोपित किया गया।

डॉ. गीता पालीवाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा स्मृति चिह्न और पौधों के फ्लायर भेंट किये गये। इस अवसर पर डॉ. प्रभा पंत, डॉ. हिमानी कार्की, डॉ. हेम जोशी, डॉ. नवीन पांडे, शीतल कोरंगा, विशाल बिष्ट, लीला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।