उत्तरकाशी में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस
उत्तरकाशी, 26 जनवरी । उत्तरकाशी जनपद में 77 वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रातःकाल स्कूली छात्रों ने प्रभात फेरियां निकाली। सरकारी, गैर-सरकारी भवनों, शिक्षण संस्थानों तथा निजी प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और देश की एकता, अखंडता एवं समग्र विकास के लिए कर्तव्यों के निष्ठापूर्वक निर्वहन का संकल्प लिया गया।
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन ज्ञानसू में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। जहां क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने ध्वजारोहण कर पुलिस परेड की सलामी ली।
विधायक सुरेश चौहान ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संविधान ने नागरिकों को मौलिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्य भी प्रदान किए हैं,जिनका पालन प्रत्येक नागरिक का परम दायित्व है। संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक,आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय का अधिकार देता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि तेजी से प्रगति कर रहे भारत को विश्व का सबसे सशक्त राष्ट्र बनाने के लिए सभी नागरिकों को अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने स्वच्छता, शांति व्यवस्था एवं जनपद की प्रगति में सहयोग की अपील करते हुए जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, दायित्वधारी प्रताप सिंह पंवार,मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोरी भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह,अपर जिलाधिकारी मुक्त मिश्रा,पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस.रावत,पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, मेजर आर.एस. जमनाल (सेवानिवृत्त), प्रेम सिंह पंवार, होमगार्ड कमांडर विजयपाल,जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सहित प्रशासन, पुलिस एवं सेना के अधिकारी, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पुलिस लाइन ज्ञानसू में आयोजित परेड में पुलिस बैंड की मधुर धुनों के बीच उत्तराखंड पुलिस, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, महिला होमगार्ड्स, एनसीसी कैडेट्स, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, यातायात पुलिस एवं पुलिस संचार इकाई द्वारा आकर्षक परेड एवं झांकियां प्रस्तुत की गईं। एमडीएस तिलोथ सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं पुलिस परिवार के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इससे पूर्व कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के विकास एवं जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।









