आईएमए बरेली की ऑन्कोलॉजी विषयक सीएमई संपन्न, विशेषज्ञों ने दिए महत्वपूर्ण अपडेट
सीएमई में मेडिकल ऑन्कोलॉजी के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. सुमित गोयल ने “कैंसर की संभावना वाले रोगी का क्लिनिकल एप्रोच” विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। वहीं न्यूक्लियर मेडिसिन के डायरेक्टर डॉ. पार्थ एस. चौधरी ने “PET CT इमेजिंग एवं रेडियो आइसोटोप थेरेपी के नवीन अपडेट” पर महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रस्तुत कीं। चिकित्सकों ने दोनों सत्रों को अत्यंत लाभकारी बताया।
कार्यक्रम के दौरान आईएमए अध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा, “चिकित्सकों को नवीनतम वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना आईएमए बरेली की प्राथमिकता है। कैंसर उपचार निरंतर प्रगतिशील क्षेत्र है, इसलिए ऐसे सीएमई कार्यक्रम चिकित्सकों को अद्यतन रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि आईएमए भविष्य में भी इसी तरह उच्चस्तरीय वैज्ञानिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
आयोजन को सफल बनाने में चेयरमैन साइंटिफिक कमेटी डॉ. गिरीश अग्रवाल और पीआरओ डॉ. कामेंद्र सिंह का विशेष योगदान रहा। बरेली एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज कराई।









