कानून व्यवस्था व किसानाें के मुद्दे पर राज्यपाल के पास पहुंची कांग्रेस
किसानों को हुए नुकसान पर हुई चर्चा
चंडीगढ़, 13 नवंबर । हरियाणा में कानून-व्यवस्था तथा किसानों के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र के नेतृत्व में गुरुवार को कांग्रेस विधायक दल ने राज्यपाल से मुलाकात करके उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भारी बारिश से किसानों को हुए नुकसान, धान की खरीद में हुए घोटाले, प्रदेश में बढ़ते अपराध और राशन कार्ड घोटाले पर संज्ञान लेने की मांग की गई।
राज्यपाल से मुलाकात में हुड्डा व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले दिनों प्रदेशभर में हुई भारी वर्षा के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। धान, कपास और अन्य खरीफ फसलों के खेत जलमग्न हो गए हैं, जिससे किसानों को आर्थिक रूप से गहरा आघात पहुंचा है। अनेक किसानों की फसलें पूरी तरह से नष्ट हो चुकी हैं, परंतु सरकार की ओर से अब तक न तो सही सर्वे किया गया है और न ही मुआवजे की कोई ठोस घोषणा हुई है। अत्यधिक बारिश के कारण इस बार की फसल तो बर्बाद हुई है और अभी तक जल भरा हुआ है, इसलिए अगली फसल की बुवाई भी संभव नहीं है।
हरियाणा के किसान अपनी धान और बाजरे को एमएसपी से 500 से 600 रुपये प्रति क्विंटल कम में बेचने को मजबूर हो रहे हैं। नमी के नाम पर किसानों को लूटा जा रहा है। धान की सरकारी खरीद में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और घोटाले की शिकायतें सामने आई हैं। कई मंडियों में किसानों को उचित दाम नहीं मिले, वहीं कुछ जगहों पर फर्जी खरीद-फरोख्त के मामलों ने पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए हैं। इसी प्रकार, खाद की भारी कमी और कालाबाजारी की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। कांग्रेस विधायक दल की यह मांग है कि इस पूरे मामले की जांच हरियाणा हाईकोर्ट के सिटिंग जज से करवाई जाए, ताकि सत्य जनता के सामने आ सके।
इसी के साथ, प्रदेश में अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। हत्या, फिरौती, लूट, बलात्कार, चोरी और नशे से जुड़ी घटनाएँ आम हो चुकी हैं। आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। खुद केंद्र सरकार का कहना है कि हरियाणा में 80 से ज्यादा आपराधिक गैंग सक्रिय हैं, जो संगठित अपराध कर रहे हैं। व्यापारियों और प्रोफेशनल्स से फिरौती मांगी जाने की घटनाएं आम बात हो गई हैं। प्रदेश की जनता का कानून-व्यवस्था से भरोसा उठ गया है। राज्यपाल से मुलाकात करने वालों में कांग्रेस विधायक आफताब अहमद, बीबी बत्तरा, गीता भुक्कल, शकुंतला खटक, परमवीर सिंह, शैली गुर्जर, जस्सी पेटवाड़, बलराम दांगी, चंद्र प्रकाश, इंदुराज नरवाल, रामकरण काला, अकरम खान समेत कई नेता मौजूद थे।









