सूरजपुर के चार छात्र राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी के लिए चयनित
इस वर्ष का विषय विकसित और आत्मनिर्भर भारत रखा गया है। इसके अंतर्गत सतत कृषि, अपशिष्ट प्रबंधन, हरित ऊर्जा, उभरती प्रौद्योगिकियां, मनोरंजक गणितीय मॉडलिंग, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा जल संरक्षण जैसे उपविषय शामिल हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जशपुर जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय जयपुर में 12 सितंबर से 15 नवंबर तक आयोजित की जा रही है।
जिले से शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर के अविनाश सिंह और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कारवां की गीता सिंह ने स्वास्थ्य और स्वच्छता विषय पर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर के नवल साय ने सतत कृषि विषय पर तथा सेजेस जयनगर के मोहम्मद आसिफ अंसारी ने उभरती प्रौद्योगिकियां विषय पर मॉडल तैयार किया है।
इन छात्रों की उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा, डीएमसी मनोज कुमार साहू, सहायक संचालक रविंद्र सिंह देव सहित शिक्षकों और मार्गदर्शकों ने शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता जिले के लिए गौरव का विषय है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार के लिए प्रेरणा मिलेगी।









