नारनौल में राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने पर एक साथ गूंजा ‘वंदे मातरम’

नारनाैल, 7 नवंबर । राष्ट्र गीत के 150 साल पूरे होने पर जिला महेंद्रगढ़ में शुक्रवार को चहुंओर मां भारती को समर्पित और राष्ट्र भक्ति के भाव से भरे गीत वंदे मातरम की गूंज सुनाई दी। वन्दे मातरम् के स्मरणोत्सव के तहत जिला स्तर का कार्यक्रम सभागार में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। इस मौके पर नागरिकों ने बड़ी एलईडी के जरिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना।

इसी तरह के कार्यक्रम उपमंडल, खंड तथा गांव स्तर तक राष्ट्रभक्ति, एकता और सांस्कृतिक गौरव से ओतप्रोत तथा गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किए गए।जिला स्तरीय कार्यक्रम में बोलते हुए उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं यह राष्ट्र की आत्मा, पहचान और गौरव है। सात नवंबर 1875 को बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने इसे रचा था। उस वक्त इसी गीत ने पूरे देश में राष्ट्र प्रेम का उद्घोष जगा था।

इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि ने मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। पीजी कॉलेज इतिहासकार डॉ अमित कुमार ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के इतिहास पर अपना व्याख्यान दिया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ हुई तथा समापन हरियाणा के राज्य गीत के साथ हुआ। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ, एसडीएम अनिरुद्ध यादव, सीटीएम डॉ मंगल सेन, नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी, डा पूर्ण प्रभा, आईटीआई के चेयरमैन सुरेश चौधरी, प्रिंसिपल विनोद खनगवाल, नित्यानंद यादव, वासुदेव यादव के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।