धमतरी : प्रोजेक्ट सक्षम से दिव्यांगजनों के जीवन में आएगा सकारात्मक परिवर्तन: कलेक्टर
कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अपने अधीनस्थ अमलों को सक्रिय करते हुए ग्राम पंचायत स्तर तक योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। प्रत्येक दिव्यांगजन की व्यक्तिगत आवश्यकता का मूल्यांकन कर, उसके अनुरूप सहायता, प्रशिक्षण, रोजगार एवं पुनर्वास के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। बैठक में समाज कल्याण, उद्योग, खादी ग्रामोद्योग, एनआरएलएम, लाइवलीहुड मिशन, बड़ौदा आरसेटी तथा अंत्यावसायी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी साझा की।
कलेक्टर ने दिव्यांगजनों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविरों, सहायक उपकरण वितरण और प्रमाणन प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, सार्वजनिक स्थलों पर सुलभ अधोसंरचना विकसित करने पर विशेष बल दिया। गौरतलब है कि भारत सरकार एवं राज्य शासन की संयुक्त पहल ‘प्रोजेक्ट सक्षम’ का उद्देश्य दिव्यांगजनों को स्वावलंबी, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। इस परियोजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार, आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को एकीकृत रूप से लागू किया जा रहा है। इस बैठक से अपेक्षा है कि जिले में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी और वे समान अवसरों के साथ समाज की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे।









