फतेहाबाद पुलिस ने छह घंटे में 32 को किया गिरफ्तार, नशीले पदार्थ बरामद

फतेहाबाद पुलिस ने छह घंटे में 32 को किया गिरफ्तार, नशीले पदार्थ बरामद

फतेहाबाद, 24 जून (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशों के तहत अपराध, नशा और गैरकानूनी गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए जिला पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन आक्रमण’ अभियान चलाया गया। इस विशेष कार्रवाई के दौरान फतेहाबाद पुलिस ने जिलेभर से 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस ऑपरेशन में कुल 38 टीमों में 390 पुलिस जवानों ने भाग लिया। शहर, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर नाकाबंदी, रेड और सघन चेकिंग की गई। यह अभियान मंगलवार सुबह 6 बजे शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चला। पुलिस ने राजस्थान और पंजाब से लगते सीमावर्ती क्षेत्रों में आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की बारीकी से तलाशी ली। मादक पदार्थ तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के ठिकानों पर भी विशेष छापेमारी की गई। इस अभियान के तहत आबकारी अधिनियम के 6 मामले दर्ज कर 7 लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 60 बोतल देसी शराब व 640 लीटर लाहण बरामद हुआ। एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज कर 3 लोगों को काबू किया। इनके पास से 5.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। मोटर वाहन अधिनियम के तहत लाइन चेंजिंग आदि के 40 चालान तथा एमवी एक्ट के तहत 85 चालान किए गए। शस्त्र अधिनियम के तहत एक असला सप्लायर को गिरफ्तार किया। इसके अलावा दो मोस्ट वांटेड आरोपी, चार चोरी के आरोपी, छह न्यायालय में गैरहाजिर आरोपी, सात झगड़ा-मारपीट से संबंधित आरोपी तथा 2 बेल जम्प करने वाले आरोपी पकड़े गए।

इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था। पूरे जिले में पुलिस की सक्रिय और सशक्त उपस्थिति दर्ज की गई, जिससे आम लोगों ने राहत और भरोसे की भावना महसूस की। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का काम केवल अपराधियों को पकडऩा नहीं, बल्कि समाज को नशे जैसी बुराइयों से मुक्त करना, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध जागरूकता और ट्रैफिक नियमों के पालन हेतु लोगों को शिक्षित करना भी है।