मोदेनार में आवास योजना के तहत बने मकानों में हितग्राही जाने को तैयार नहीं, पांच वर्ष से है खाली

मोदेनार में आवास योजना के तहत बने मकानों में हितग्राही जाने को तैयार नहीं, पांच वर्ष से है खाली

जगदलपुर, 24 जून (हि.स.)। बस्तर जिले के दरभा ब्लॉक के ग्राम पंचायत मोदेनार में 60 प्रधानमंत्री आवासों की पूरी कॉलोनी 5 वर्ष पहले ही तैयार कर ली गई थी, लेकिन आज भी ये आवास खाली पड़े हुए हैं । कॉलोनी के रूप में तैयार किए गए प्रधानमंत्री आवास में एक भी हितग्राही रहने नहीं आया। सभी पीएम आवासों में बिजली, सीसी सड़क व पानी की सुविधा मौजूद है, बावजूद यहां एक भी परिवार रहने नहीं पहुंचने से 5 वर्ष बाद भी इन आवासों के दरवाजे तक नहीं खुले हैं।

हितग्राही बताते हैं कि, उन्होंने अपने मकान की जगह पर ही प्रधानमंत्री आवास बनाकर देने की मांग की थी, लेकिन जनपद पंचायत ने अलग से सारे मकान कॉलोनी के रूप में बना डाले । यहां 1.50 लाख के हिसाब से 90 लाख रुपये जहां प्रधानमंत्री आवास निर्माण में खर्च किए गए हैं, वहीं लगभग 50 लाख की लागत से सीसी सड़क, नाली सहित अन्य व्यवस्थाएं तैयार की गई हैं। ऐसे में 1.40 करोड़ की लागत से तैयार प्रधानमंत्री आवास की कॉलोनी 5 वर्ष बाद भी खाली रहने से प्रधानमंत्री आवास जैसे महत्वाकांछी इस याेजना पर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिये हैं ।

—————