उपायुक्त ने किया सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण, दिये कई निर्देश

उपायुक्त ने किया सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण, दिये कई निर्देश

खूंटी, 17 मई (हि.स.)। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने शनिवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया उन्होंने विभिन्न वार्डों, विभागों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री (आइपीएचएल) के निर्माण कें लिए स्थल जायजा लिया। साथ ही उपायुक्त ने जिला परिषद के अभियंता को अग्रतर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।

इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री में संचारी और गैर-संचारी रोगों से जुड़ी विभिन्न जांचों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। लैबोरेट्री में टीबी, मलेरिया, एड्स, पैथोलॉजी सहित कई बीमारियों की जांच होगी। आइपीएचएल का मुख्य उद्देश्य है बीमारियों पर निगरानी रखना, उनके नियंत्रण के लिए उपाय करना और जनता के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने जांच घर, फिजियोथेरेपी विभाग, मातृ शिशु अस्पताल, ऑपरेशन कक्ष, एसएनसीयू, ओपीडी, चाइल्ड वार्ड और अन्य विभागों का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर फीडबैक प्राप्त किया। साथ ही बैठने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

ओपीडी संचालन की विस्तृत जानकारी लेते हुए उन्होंने विभागवार डॉक्टरों की संख्या और उपस्थिति की समीक्षा की । उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ओपीडी का संचालन बेहतर ढंग से हो और डॉक्टर मरीजों का अच्छे से इलाज करें। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को सप्ताह में दो बार अस्पताल का निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, सिविल सर्जन डॉ. नागेश्वर मांझी, जिला अभियंता जिला परिषद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

—————