फतेहाबाद : कंटेनर ट्रक ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर, एक की मौत

फतेहाबाद : कंटेनर ट्रक ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर, एक की मौत

फतेहाबाद, 20 अक्टूबर (हि.स.)। नेशनल हाइवे पर गांव धांगड़ पुल के पास एक कंटेनर ट्रक ने सामने से आ रही एक ट्रैक्टर में टक्कर दे मारी। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में रामदासिया मोहल्ला हाल शक्ति नगर फतेहाबाद निवासी पारस ने कहा है कि उसके पिता सुभाष चन्द्र ऑटो मार्किट फतेहाबाद में ट्रैक्टर ठीक करने का काम करते थे। कुछ दिन पहले जब वह अपने बच्चों को लेने के लिए अपनी ससुराल पश्चिम बंगाल गया हुआ था तो उसे सूचना मिली कि उसके पिता सुभाष चन्द्र का नेशनल हाइवे पर गांव धांगड़ पुल के पास एक्सिडेंट हो गया है और इस हादसे में उसके पिता की मौत हो गई है। उनका शव फतेहाबाद के शवगृह में रखा हुआ है। सूचना मिलते ही वह वापस फतेहाबाद आया। पारस ने बताया कि उसके पिता सुभाष चन्द्र ट्रैक्टर पर सवार होकर तोशाम से फतेहाबाद आ रहे थे।

जैसे ही वह गांव धांगड़ पुल के पास पहुंचे तो एक कंटेनर ट्रक के चालक ने अपने ट्रक को लापरवाही व तेजगति से चलाते हुए आया और उसके पिता के ट्रैक्टर में सीधी टक्कर दे मारी। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार सुभाष चन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसने आरोप लगाया कि कंटेनर ट्रक को श्याम बिहारी पुत्र कालीचरण निवासी जरारा जिला मथुरा, यूपी चला रहा था। इस मामले में सदर फतेहाबाद पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।