प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर बड़ागाँव मे आयोजित हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
ज्योतिर्मठ, 17 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर ग्राफिक एरा चिकित्सालय देहरादून द्वारा यहाँ बड़ागाँव के रामलीला प्रांगण में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ उठाया।
इस भव्य आयोजन के प्रमुख आयोजक पूर्व सैनिक व जिला पंचायत चमोली के उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री रहे, जिनके विशेष प्रयासों से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, शिविर में जानकारी देते हुए बताया गया कि गंभीर मरीजों का इलाज आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत ग्राफिक एरा चिकित्सालय, देहरादून में पूर्णतः निःशुल्क किया जाएगा, साथ ही मरीजों को चिकित्सालय तक आने-जाने की सुविधा भी बिल्कुल निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर में फिजिशियन, नेत्र रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध रहीं। इसके अतिरिक्त लोगों की निःशुल्क बीपी एवं शुगर जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार औषधि वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भारतीय जनता पार्टी ज्योतिर्मठ नगर मंडल अध्यक्ष अमित सती, बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति सदस्य राकेश भंडारी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गुड्डूलाल, रमेश डिमरी श्रीराम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुभाष डिमरी व नंदन सिंह बिष्ट, पूर्व प्रमुख भगत सिंह, मंडल उपाध्यक्ष अनिल सकलानी, दिनेश रावत, युवा मोर्चा अध्यक्ष दर्शन पंवार, पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष संदीप नौटियाल, जिला शासकीय अधिवक्ता प्रकाश भण्डारी सहित भारतीय जनता पार्टी के नगर के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने इस प्रकार के जनहितकारी आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, जिससे आम जनमानस को इसका सीधा लाभ मिल सके।









