sports-cricket-amir-uk-national-apl-draft

ब्रिटिश नागरिक के रूप में अफगानिस्तान प्रीमियर लीग के ड्राफ्ट में शामिल हुए मोहम्मद आमिर

दुबई, 02 नवंबर । पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (एपीएल) के ड्राफ्ट के लिए ब्रिटेन के नागरिक के रूप में पंजीकरण कराया है। यह ड्राफ्ट मंगलवार, 3 नवंबर को दुबई में आयोजित होगा। भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर विजय शंकर और केएस भरत ने भी इस ड्राफ्ट के लिए पंजीकरण कराया है। दोनों खिलाड़ी सभी प्रारूपों के क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं। लीग का आयोजन इस साल के अंत में होने की संभावना है।

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार 34 वर्षीय आमिर पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं और फिलहाल इंग्लैंड में रहते हैं। वह पहले ही ब्रिटिश नागरिकता हासिल कर चुके हैं। ड्राफ्ट की सूची में उन्हें औपचारिक रूप से ब्रिटेन का नागरिक बताया गया है, जबकि उनके निवास का देश पाकिस्तान दर्ज है। आमिर को ड्राफ्ट की प्लेटिनम श्रेणी में रखा गया है।

ऐसी संभावना जताई जा रही है कि आमिर इंग्लैंड से ही आईपीएल नीलामी के लिए भी पंजीकरण करा सकते हैं। इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अजहर महमूद ब्रिटिश पासपोर्ट के आधार पर 2012 से 2015 के बीच आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेल चुके हैं। पाकिस्तान के नागरिकों पर प्रतिबंध के बावजूद उन्हें लीग में खेलने का मौका मिला था। आमिर में कोई फ्रेंचाइजी दिलचस्पी दिखाती है या नहीं, इसका पता 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली आईपीएल की मिनी नीलामी के दौरान चलेगा।

आमिर ने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 एकदिवसीय और 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच जून 2024 में आयरलैंड के खिलाफ फ्लोरिडा के लॉडरहिल में आईसीसी टी20 विश्व कप के दौरान खेला था।

ब्रिटेन के नागरिक के रूप में पंजीकरण कराने का आमिर को तत्काल लाभ यह मिल सकता है कि उन्हें अफगानिस्तान प्रीमियर लीग में खेलने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लेने की जरूरत न पड़े। हालांकि, पाकिस्तान के उनके पूर्व साथी खिलाड़ियों के लिए एनओसी मिलना तय नहीं है। डूरंड रेखा के दोनों ओर स्थित अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच मौजूदा कूटनीतिक तनाव के कारण यह सवाल बना हुआ है कि पीसीबी अपने खिलाड़ियों को एपीएल में खेलने की अनुमति देगा या नहीं।

ड्राफ्ट के पंजीकरण में फखर जमां, साइम अयूब, हसन अली, शान मसूद, अब्दुल्ला शफीक, फहीम अशरफ और इमाद वसीम समेत 30 से अधिक पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल हैं। हालांकि, पीसीबी के एक प्रवक्ता ने एपीएल के लिए अपने खिलाड़ियों को एनओसी दिए जाने की संभावना पर संदेह जताया है।

विजय शंकर, अयान खान और मुरुगन अश्विन ने भारतीय खिलाड़ी के रूप में पंजीकरण कराया है, जबकि केएस भरत को संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले भारतीय खिलाड़ी के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। विजय, मुरुगन और भरत को ड्राफ्ट की गोल्ड श्रेणी में रखा गया है। इस श्रेणी के लिए कुल 462 खिलाड़ियों को चुना गया है।

ड्राफ्ट में भारतीय मूल के खिलाड़ियों में अमेरिका के उन्मुक्त चंद, संयुक्त अरब अमीरात के राहुल चोपड़ा, अक्षदीप नाथ, अलीशान शराफू, आर्यन अफजल खान और ध्रुव पराशर, ओमान के अयान खान, केन्या के व्रज पटेल तथा कुवैत के यासीन पटेल शामिल हैं।