दिवाली पर जयपुर के बाजारों में शाम छह बजे बाद वाहनों की नो एंट्री
जयपुर, 02 नवंबर । दीपावली पर धनतेरस, रूप चतुर्दशी, दीपावली और गोवर्धन पूजा के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था 6 से 9 नवंबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से प्रभावी रहेगी। इस दौरान परकोटे सहित शहर के प्रमुख बाजारों में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यातायात पुलिस ने आमजन से मेट्रो और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है।
पुलिस उपायुक्त यातायात प्रवीण नायक नुनावत के अनुसार परकोटे में रोशनी देखने आने वाले हल्के वाहनों के लिए प्रवेश और निकास के रास्ते निर्धारित किए गए हैं। चांदपोल और अजमेरी गेट से आने वाले वाहन किशनपोल व चांदपोल बाजार होते हुए छोटी चौपड़ पहुंचेंगे। यहां से त्रिपोलिया बाजार रोड मीडियन के दाहिनी तरफ से त्रिपोलिया टी-पॉइंट, चौड़ा रास्ता और न्यूगेट होते हुए रामनिवास बाग व मान प्रकाश स्लिप लेन से टोंक रोड और जेएलएन मार्ग जा सकेंगे।
सांगानेरी गेट से आने वाले वाहन जौहरी बाजार और बड़ी चौपड़ होते हुए त्रिपोलिया बाजार से निकलेंगे। घाटगेट से आने वाले वाहन रामगंज चौपड़, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता और न्यूगेट अथवा चार दरवाजा व सूरजपोल गेट से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
पैदल खरीदारी करने वालों की सुविधा के लिए बापू बाजार, नेहरू बाजार, इंदिरा बाजार और संजय बाजार में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा रामनिवास बाग चौराहे से सांगानेरी गेट के बीच भूमिगत पार्किंग के प्रवेश द्वार को छोड़कर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। बांदरवाल गेट से बड़ी चौपड़ और छोटी चौपड़ से सार्दुल सिंह की नाल तक गणगौरी बाजार में भी वाहन नहीं चल सकेंगे।
झोटवाड़ा और स्टेशन रोड की तरफ से आने वाले वाहन चांदपोल अनाज मंडी और मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे। सीकर, अजमेर और मानसरोवर की तरफ से आने वाले वाहन रामनिवास बाग की भूमिगत पार्किंग में पार्क कर सकेंगे। परकोटे के निवासी रामनिवास बाग स्थित जेडीए पार्किंग और रामलीला मैदान में वाहन खड़े कर सकेंगे।
रोशनी देखने आने वाले लोग चांदपोल अनाज मंडी या अन्य नजदीकी मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग में वाहन खड़े कर मेट्रो से परकोटे पहुंच सकेंगे। यातायात पुलिस ने पार्किंग और लाइव यातायात स्थिति की जानकारी के लिए क्यूआर कोड भी जारी किया है।
गौरव टावर क्षेत्र में जीटी मॉल, क्रिस्टल कोर्ट और गौरव टावर के मध्य तथा डब्ल्यूटीपी के पीछे वाले मार्ग पर वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। मुख्य मार्गों पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
राजापार्क में गोविंद मार्ग से परनामी मंदिर चौराहा होते हुए आर्य समाज रोड और पंचवटी सर्किल की ओर यातायात जा सकेगा। हालांकि पंचवटी सर्किल से परनामी मंदिर की तरफ वापसी का मार्ग बंद रहेगा। मुख्य मार्गों पर बाईं तरफ चौपहिया और दाईं तरफ दुपहिया वाहनों की प्रायोगिक पार्किंग व्यवस्था रहेगी।
वैशाली नगर में अमर जैन मार्केट, नेशनल हैंडलूम के पास जेडीए पार्किंग और गांधी पथ स्थित यादव फार्म की खाली जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मानसरोवर में मध्यम मार्ग पर बसों का संचालन समानांतर मार्गों से किया जाएगा।
6 से 9 नवंबर तक परकोटा, एमआई रोड, अशोक मार्ग और एमडी रोड पर ई-रिक्शा, ई-ऑटो और ऑटो रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि क्यूआर कोड की अनुमति प्राप्त ई-रिक्शा इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। हल्के मालवाहक वाहन, ठेले और पिकअप का प्रवेश शाम 4 बजे के बाद परकोटा और प्रमुख व्यावसायिक मार्गों पर बंद रहेगा। एम्बुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।










