पत्रकारिता में योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार संजय राय सम्मानित
नई दिल्ली, 21 सितंबर । वरिष्ठ पत्रकार संजय राय को पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में दीर्घकालीन योगदान के लिए राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित राष्ट्रीय परिचर्चा एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ और प्राइम इंडिया मीडिया हाउस के संयुक्त तत्वावधान में 19 सितंबर को “विकसित भारत के प्रति मोदी का विजन और युवाओं की भूमिका” विषय पर आयोजित राष्ट्रीय परिचर्चा एवं पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान उनको सम्मानित किया गया।
समारोह में देवरिया के भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. संजय सिंह बघेल, पूर्व सांसद डॉ. अशोक वाजपेयी, आदर्श नगर के विधायक राजकुमार भाटिया, भाजपा नेता अरविंद प्रताप सिंह, भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह और प्राइम इंडिया मीडिया हाउस के प्रबंध संपादक नासिर खान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदी दैनिक आज के नेशनल ब्यूरो चीफ संजय राय पिछले 26 वर्षों से राष्ट्रपति भवन, संसद, प्रधानमंत्री कार्यालय, विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और राजनीतिक दलों से जुड़ी खबरों को कवर करते आ रहे हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समसामयिक मुद्दों पर उनके धारदार लेख देश के विभिन्न हिंदी और उर्दू समाचार पत्र-पत्रिकाओं तथा डिजिटल मीडिया में प्रकाशित होते रहते हैं।
————–









