nepal-finance-minister-india-v

भारत दौरे के दूसरे दिन विदेश मंत्री जयशंकर से मिलेंगे नेपाली वित्त मंत्री वाग्ले

काठमांडू, 18 सितंबर । नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले भारत की तीन दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण कूटनीतिक और द्विपक्षीय मुलाकातों में शामिल होंगे।

इससे पहले गुरुवार को भारत दौरे पर पहुंचे वित्त मंत्री वाग्ले ने उसी शाम अपनी भारतीय समकक्ष निर्मला सीतारमण के साथ द्विपक्षीय मुलाकात की।

यात्रा के दूसरे दिन आज सुबह वित्त मंत्री वाग्ले पूर्व भारतीय विदेश सचिव श्याम शरण द्वारा आयोजित उच्चस्तरीय कूटनीतिक संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में वह अपने विचार रखेंगे।

आज शाम 5 बजे वित्त मंत्री वाग्ले की भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ मुलाकात निर्धारित है। दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

वित्त मंत्री वाग्ले भारत व्यापार संवर्धन संगठन के अध्यक्ष जावेद अशरफ द्वारा आयोजित एक व्यापक बैठक में भी शामिल होंगे। भारत मंडपम में होने वाले इस कार्यक्रम में नेपाल-भारत आर्थिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर उच्चस्तरीय चर्चा होगी।

वित्त मंत्री वाग्ले के नेतृत्व वाले नेपाली प्रतिनिधिमंडल में अर्थ मंत्रालय के सहसचिव अमृत लम्साल, विदेश मंत्रालय के सहसचिव गेहेन्द्र राजभण्डारी, नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास के उपनियोग प्रमुख डॉ. सुरेन्द्र थापा, इकोनोमिक मिनिस्टर तारानाथ अधिकारी और वित्त मंत्री के निजी उपसचिव कञ्चन बस्नेत शामिल हैं।

यात्रा के तीसरे और अंतिम दिन शनिवार को वित्त मंत्री वाग्ले निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ-साथ अन्य उच्चस्तरीय मुलाकात करेंगे। इसके बाद नेपाली प्रतिनिधिमंडल के स्वदेश लौटने का कार्यक्रम है।