बलौदाबाजार : कलेक्टर ने पलारी विकासखंड के आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण
बलौदाबाजार, 12 सितम्बर (हि. स.)। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शनिवार को पलारी विकासखंड के आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र अमेरा के निरीक्षण के दौरान परिसर मे रखे कचरे के ढेर एवं भवन की स्थिति को देख कर नाराजगी व्यक्त की। केन्द्र मे उपस्थित बच्चों की संख्या औऱ ऑनलाइन दर्ज उपस्थिति मे काफी अंतर होने पर सेक्टर सुपरवाइजर औऱ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने केन्द्र में दर्ज बच्चों की संख्या, कुपोषित बच्चों की संख्या एवं पौष्टिक लड्डू वितरण,एनआरसी मे भर्ती के सम्बन्ध मे जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया की सभी कुपोषित बच्चों को लड्डू अवश्य खिलाएं, गृह भेंट कर अभिभावको को बच्चों की सेहत,पोषण की जानकारी दें। उन्होंने केन्द्र मे रखे पौष्टिक लड्डू का स्वयं टेस्ट किया औऱ उपस्थित बच्चों को वितरित किया।उन्होंने बाउंड्रीवाल को ठीक कराने औऱ साफ़ -सफाई दुरुस्त करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने आंगनबड़ी केन्द्र कोसमंदी के निरीक्षण के दौरान बच्चों से कविता सुनाने कहा औऱ उन्हें चॉकलेट दी। उन्होंने कार्यकर्ता औऱ सहायिका को अधिक से अधिक संख्या मे बच्चों की उपस्थिति, ऑनलाइन एप्प पर सही संख्या दर्ज करने,गंभीर कुपोषित बच्चों को एनआरसी मे भर्ती कराने के निर्देश दिये।
इसके पश्चात कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कोसमंदी एवं अमेरा का भी निरीक्षण किया।उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र मे प्रति दिन ओपीडी संख्या, प्रतिमाह डिलवरी,दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने सभी कक्षों मे साफ -सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया औऱ लोगों को बेहतर सुविधा औऱ ईलाज मुहैया कराने के निर्देश दिये।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, एसडीएम दीपक निकुंज, सीएमएचओ डॉ.राजेश अवस्थी, डीपीओ अतुल परिहार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।









