up-11-year-old-boy-dies-noida

नाेएडा में 17वीं मंजिल से गिरकर 11 वर्षीय बच्चे की मौत

नोएडा, 27 अगस्त । उत्तर प्रदेश जनपद गाैतमबुद्धनगर नाेएडा में सेक्टर-78 स्थित हाइड पार्क सोसाइटी में 17वीं मंजिल से गिरकर 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के समय वह फ्लैट की बालकनी से नीचे झांक रहा था। संतुलन बिगड़ने के चलते वह नीचे गिरा। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, सोसाइटी के आर टावर में फ्लैट नंबर-1703 में रोहित सिंग्ला परिवार के साथ रहते हैं। वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। उनका बेटा आरव (11) बुधवार शाम फ्लैट की बालकनी में खड़ा था, तभी उसे सोसाइटी में रहने वाले कुछ दोस्त नीचे खेलते दिखाई दिए। दोस्तों को नीचे देखकर वह उनसे बात करने लगा।

इसी बीच उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे आ गिरा। सोसाइटी में घूम रहे लोगों ने शोर मचाया और गार्ड की मदद से घायल को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, सोसाइटी के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। इस घटना ने एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोगों के सामने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए है।