students-cleaning-school-video

स्वामी आत्मानंद स्कूल में बच्चों से लगवाई झाड़ू, वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच और कार्रवाई की बात कही

सूरजपुर, 21 अगस्त । सूरजपुर जिले के भुवनेश्वरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल का एक वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में कुछ बच्चे स्कूल के क्लासरूम में झाड़ू लगाकर सफाई करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बच्चों ने खुद ही सफाई के दौरान वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

वायरल वीडियो भुवनेश्वरपुर के स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ बच्चे क्लासरूम के भीतर झाड़ू लगाते और सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब बच्चों को स्कूल में पढ़ाई के लिए भेजा जाता है, तो उनसे सफाई का काम क्यों कराया जा रहा है। यदि स्कूल में सफाईकर्मी या अन्य कर्मचारी उपलब्ध हैं, तो बच्चों को झाड़ू लगाने की जिम्मेदारी किसके निर्देश पर दी गई, यह भी जांच का विषय है।

मामले में जिला मिशन समन्वयक मनोज साहू ने आज शुक्रवार को बताया कि, स्कूल में तीन प्यून की व्यवस्था है. इसके बावजूद यदि बच्चों से सफाई कराई गई है तो यह गंभीर मामल है. हम वायरल वीडियो के आधार पर इस केस में कार्रवाई करेंगे. जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा. जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।

बच्चों से सफाई कराए जाने का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग अब मामले की जांच की तैयारी में है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जानकारी जुटाई जाएगी और जिम्मेदारी तय होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सरकार की ओर से सरकारी स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जाता है। ऐसे में बच्चों से स्कूल की सफाई कराए जाने की तस्वीरें व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चों से सफाई किसके निर्देश पर कराई गई और यह घटना कितने समय से चल रही थी। शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और जिम्मेदारी तय हो पाएगी।