सांस्कृतिक विरासत बचाने और पलायन रोकने को लेकर जयपुर में 23 अगस्त को निकलेगी विशाल ‘जन आक्रोश रैली’
जयपुर, 21 अगस्त । जयपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को बचाने तथा परकोटा क्षेत्र से बहुसंख्यक वर्ग के पलायन को रोकने की मांग को लेकर ‘युवा शक्ति मंच राजस्थान’ की ओर से 23 अगस्त रविवार को एक विशाल ‘जन आक्रोश रैली’ का आयोजन किया जाएगा।
युवा शक्ति मंच के प्रदेश संयोजक सुनील सिंह शेखावत ने बताया कि यह अभियान जयपुर की पहचान और विरासत से जुड़े मुद्दों को लेकर अब तक का सबसे बड़ा जनजागरूकता अभियान है। रैली का मुख्य आकर्षण और नेतृत्व 2100 महिलाएं करेंगी, जो समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश देंगी।
रैली में जयपुर और आसपास के इलाकों से हजारों युवा भाग लेंगे। इसमें 10 हजार दुपहिया वाहन और 500 चौपहिया वाहन शामिल होंगे।ये रैली 23 अगस्त को सुबह 11 बजे ,खोले के हनुमान जी मंदिर से प्रारंभ होगी और अल्बर्ट हॉल ,रामनिवास बाग पर इसका समापन किया जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए शेखावत ने कहा कि जयपुर केवल एक शहर नहीं है, बल्कि अपनी ऐतिहासिक इमारतों, धार्मिक स्थलों, कला और परंपराओं के कारण विश्वभर में अपनी विशेष पहचान रखता है। परकोटे से लगातार हो रहे पलायन पर सरकार और प्रशासन का ध्यान खींचना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपनी सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण रखने के लिए इस मुहिम में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया है।









