बागपत में 210 किलो मावा नष्ट, 43 किलो पाउडर सीज
बागपत, 25 अगस्त । बागपत में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। इस दौरान 05 विधिक नमूने संग्रहित किए गए, 210 किलोग्राम मावा नष्ट कराया गया और 43 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज करते हुए संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ और जिलाधिकारी बागपत के निर्देश पर 24 अगस्त की मध्यरात्रि में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय डी.पी. सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह अभियान चलाया। टटीरी टोल प्लाजा के पास बड़ौत से आ रही एक आईसर कैंटर को रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि मावा अस्वच्छ परिस्थितियों में दिल्ली ले जाया जा रहा था। मिलावट की आशंका पर चार विधिक नमूने लिए गए और करीब 210 किलो मावा मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
इसके अलावा तहसील बड़ौत के ग्राम बिजवाड़ा में एक मावा भट्टी पर छापा मारकर 43 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद किया गया, जिसे सीज कर नमूना जांच के लिए भेजा गया। वहीं एक अन्य संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक और भट्टी संचालक द्वारा अभद्रता करते हुए वाहन लेकर फरार हो गए। इस मामले में थाना बागपत में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। संग्रहित नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञदत्त आर्य और निधि रानी शामिल रहे।









