बूथ सशक्तीकरण से मिशन-2027 की तैयारी में जुटी भाजपा
नैनीताल, 25 अगस्त । भाजपा नैनीताल मंडल की ओर से मंगलवार को नैनीताल क्लब में मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की की अध्यक्षता में बूथ सशक्तीकरण अभियान के तहत मंडल कार्ययोजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और मिशन-2027 को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की ने कहा कि संगठन की ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ एवं शक्ति केंद्रों पर सक्रियता बढ़ाने और मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता जगमोहन बिष्ट ने बूथ प्रभारियों एवं शक्ति केंद्र संयोजकों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मजबूत बूथ ही चुनावी सफलता का आधार है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं बूथ सशक्तीकरण अभियान के प्रदेश सह-संयोजक गोपाल रावत तथा मंडल प्रभारी मनोज भट्ट ने भी संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया।
दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा एवं दिनेश आर्या ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में मंडल पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों, सभासदों, नामित सभासदों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।









