खान-खनिज संशोधन अधिनियम के खिलाफ झामुमो का जन जागरण
पलामू, 29 अगस्त । केंद्र सरकार की ओर से लाए गए खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपना विरोध तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को झामुमो की पलामू जिला समिति की ओर से जिले के विभिन्न स्थानों पर जन जागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
झामुमो जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा के नेतृत्व में रामगढ़ प्रखंड के बेडमा बभंडीह स्थित मदरसा मैदान, नावाडीह पंचायत मैदान और चैनपुर प्रखंड के नेउरा बाजार में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित कानून के खिलाफ लोगों को जागरूक किया और इसके विरोध में एकजुट होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि नए एमएमडीआर कानून के जरिए केंद्र सरकार झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा को कॉरपोरेट घरानों के हाथों में सौंपने की कोशिश कर रही है।
सिन्हा ने कहा कि यह कानून झारखंड के संवैधानिक अधिकारों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य को उसकी रॉयल्टी और हिस्सेदारी से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झामुमो इस प्रयास को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगा और राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखेगा।
झामुमो जिलाध्यक्ष ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में मंईयां सम्मान योजना और अबुआ आवास जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीबों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उनके अनुसार, नए कानून के जरिए राज्य के राजस्व को प्रभावित कर ऐसी जनकल्याणकारी योजनाओं को बाधित करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि झारखंड की जनता राज्य के संसाधनों और अधिकारों से जुड़े किसी भी फैसले को स्वीकार नहीं करेगी, जिससे राज्य के हित प्रभावित हों।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नए कानून के प्रावधानों से स्थानीय जनता, ग्राम सभा और पेसा कानून के तहत प्राप्त अधिकार कमजोर होंगे। उन्होंने ग्रामीणों से गांव-गांव में जन जागरण अभियान चलाने और कानून के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के अधिकार तथा झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए लोगों को एकजुट होना होगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘हेमंत सोरेन जिंदाबाद’ और ‘झारखंड हमारा है, अधिकारों की लूट बंद करो’ जैसे नारे लगाए।
जन जागरण कार्यक्रम में केंद्रीय समिति सदस्य सलोनी टोपनो, जिला सचिव रंजन चंद्रवंशी, संगठन सचिव देवानंद भारद्वाज, वरिष्ठ नेता रामनाथ चंद्रवंशी, अल्पसंख्यक अध्यक्ष फजायल अहमद, कमरूदीन अंसारी, सरोज अंसारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।————–









