jh-meeting-ncord-dc-directs

उपायुक्त ने अफीम की खेती रोकने के लिए निगरानी का दिया निर्देश

खूंटी , 31 अगस्त । समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक हुई। इसमें जिले में अवैध अफीम की खेती सहित अन्य मादक पदार्थों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारियों ने अफीम की अवैध खेती के खिलाफ दर्ज एफआईआर, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई और अन्य कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी। उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने को कहा। पूर्व में नष्ट की गई अफीम की खेती वाले क्षेत्रों की भी नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया, ताकि दोबारा खेती न हो सके।

सीमावर्ती क्षेत्रों और स्कूल-कॉलेजों के आसपास विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। शैक्षणिक संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने और 05 सितंबर को चित्रांकन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कृषि, आत्मा और उद्यान विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक खेती को बढ़ावा देने की कार्ययोजना पर काम करने को कहा। किसानों को बीज और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर स्थायी आजीविका से जोड़ने पर जोर दिया।

अफीम, ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री एवं परिवहन में शामिल लोगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उत्पाद अधीक्षक को अवैध शराब, जिला परिवहन पदाधिकारी को वाहनों की जांच और ड्रग इंस्पेक्टर को मेडिकल स्टोर के बाहर सीसीटीवी सुनिश्चित कराने और नियमित छापेमारी का निर्देश दिया गया। बैठक में एसपी ऋषभ गर्ग सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।