jh-east-zone-shooting-championship

ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप में खूंटी के निशानेबाजों ने जीते तीन पदक

खूंटी , 31 अगस्त । पश्चिम बंगाल के आसनसोल में 25 से 30 अगस्त तक आयोजित 10 वीं ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप में खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीते और राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए छह खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया।

खूंटी राइफल शूटिंग क्लब की ओर से सोमवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए 10 मीटर एयर राइफल महिला वर्ग में खूंटी की अर्चना कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं चिराग कुमार ने 10 मीटर एयर पिस्टल के यूथ वर्ग में रजत तथा जूनियर वर्ग में कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

पांच राज्यों—छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल—के करीब 2000 निशानेबाजों ने प्रतियोगिता के विभिन्न इवेंट्स में भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच खूंटी राइफल शूटिंग क्लब के छह खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।

क्लब के कोच अनुज कुमार ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, एकाग्रता और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और नियमित अभ्यास का ही परिणाम है कि वे इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सके।

खिलाड़ियों की इस सफलता पर क्लब के सदस्यों, खेल प्रेमियों और स्थानीय खेल संघों ने सभी पदक विजेताओं और राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।