पानीपत: फर्जी नंबर प्लेट और चेसिस नंबर लगी स्कॉर्पियो गाड़ी सहित युवक गिरफ्तार
पानीपत, 02 जुलाई । पानीपत पुलिस ने बीती रात फर्जी नंबर प्लेट और चेसिस नंबर लगी स्कॉर्पियो गाड़ी सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव महावटी हाल कुहाड़ निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उनकी टीम बुधवार की शाम गश्त के दौरान थाना समालखा के गांव पट्टीकल्याणा में थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गांव महावटी निवासी प्रदीप एक काले रंग की स्कॉर्पियो में फर्जी नंबर प्लेट और चेसिस नंबर लगाकर गांव महावटी से पट्टीकल्याणा होते हुए समालखा की तरफ आएगा।
स्कॉर्पियों पर लगी नंबर प्लेट बिलासपुर गांव निवासी जयदीप के नाम पंजीकृत स्कॉर्पियों की है। जयदीप की स्कॉर्पियों गाड़ी का एक्सिडेंट हो गया था जो टोटल लॉस थी। पुलिस ने गाड़ी को नाका पर रूकवाकर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपनी पहचान प्रदीप निवासी महावटी हाल कुहाड़ समालखा के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने एक टोटल लॉस स्कॉर्पियो खरीदी थी।
बाद में दिल्ली के मायापुरी में संपर्क कर वह टोटल लॉस स्कार्पियों गाड़ी देकर और कुछ रुपए और खर्च कर उसने यह दूसरी गाड़ी तैयार करवाई। टोटल लॉस गाड़ी का इंजन और चेसिस नंबर तैयार कराई उक्त स्कॉर्पियों गाड़ी पर अंकित करवा दिए तथा उसी गाड़ी की नंबर प्लेट भी लगा दी, ताकि पुलिस जांच के दौरान पकड़ में न आए और आगे चलकर गाड़ी को बेच सके। आरोपी के कब्जे से फर्जी नंबर प्लेट और चेसिस नंबर लगी स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद कर थाना समालखा में विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने गुरुवार को आरोपी प्रदीप को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।









